उदयपुर: उदयपुर के पास जगन्नाथ धाम में आज भगवान जगन्नाथ की यात्रा निकाली गई. इसी तर्ज पर 14 जुलाई को उदयपुर में भगवान जगदीश की यात्रा निकाली जाएगी. इस यात्रा के दौरान भगवान जगदीश अपने भक्तों का हाल जानेंगे. भगवान जगदीश की इस रथयात्रा को भव्यरूप देने के लिए शहर में विशेष तैयारियां की जा रही है. 14 जुलाई का दिन इस लिहाज से उदयपुर वासियों के लिए बेहद खास होने वाला है.
::/introtext::::fulltext::
भगवान जगीश की यात्रा में कई झांकिया भी होंगी शामिल
इस दौरान जगत के पालनहार भगवान जगदीश अपने भक्तों को दर्शन देने रजत रथ में सवार हो कर नगर भ्रमण पर निकलेगें. यात्रा में भगवान के रथ के साथ विभिन्न समाजों की 60 अधिक झांकिया शामिल होंगी. जगदीश चौक प्रांगण से सवा तीन बजे मेवाडा राजघराने के पूर्व सदस्य महेन्द्र सिंह मेवाड रथ खिंच कर यात्रा का शुभारम्भ करेगें. यात्रा शुरू करते हुए उन्हें 21 बंदूकों की सलामी भी दी जाएगी. रथयात्रा शहर के प्रमुख मार्गो से होते हुए निकलेगी. जहां हजारों की संख्या में भक्त पुष्प वर्षा कर अपने आराध्यदेव का स्वागत करेगें. वहीं शहरभर में 15 हजार से अधिक भगवा ध्वज लगाए गए है।
400 साल पुरानी है परंपरा
बता दें, उदयपुर में भगवान जगदीश की रथयात्रा की यह परम्परा करीब 400 वर्ष पुरानी है. मंदिर स्थापना के साथ शुरू हुई रथयात्रा की परम्परा को आज भी निभाया जाता है. हालांकि, पहले यह यात्रा केवल मंदिर परिसर में ही आयोजित की जाती थी लेकिन 2 दशकों से रथयात्रा को भव्य रूप दिया जाता है और शहर के अन्दर रथयात्रा निकाली जाती है.
स्थानीय प्रशासन ने लिया तैयारियों का जायजा
रथयात्रा की तैयारियों को लेकर स्थानीय प्रशासन ने भी कमर कस ली है. एडीएम सिटी सुभाष शर्मा और एएसपी हर्ष रत्नु ने तमात विभागों के अधिकारियों के साथ गुरुवार को रथयात्रा की तैयारियों को जायजा लिया था. दोनों ने पैदल ही रथयात्रा के मार्ग का निरिक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. एएसपी हर्ष रत्नु ने बताया कि रथयात्रा के शान्तिपूर्ण आयोजन को लेकर बडी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा. वहीं आलाधिकारी भी रथयात्रा के साथ चलेगें.
हेलीकॉप्टर से होगी पुष्पों की वर्षा
रथयात्रा के आयोजन को भव्य बनाने के लिए पहली बार हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी. यह भक्तों के लिए आकर्षण का केन्द्र होगा.
