हिंदू कैलेंडर के अनुसार, फाल्गुन महीने की पूर्णिमा तिथि के दिन होलिकादहन किया जाता है। इसके अगले दिन रंगों का त्योहार होली पूरे देश भर में मनाया जाता है। होली का पर्व भारत के खास उत्सवों में से एक है। जितना महत्व होली का है, उतनी ही अहमियत होलिका दहन की भी है। इस दिन के साथ पौराणिक भक्त प्रह्लाद और उनके पिता हिरण्यकश्यप की कथा भी जुड़ी हुई है। जानते हैं साल 2021 में होलिका दहन किस दिन किया जाएगा और इसका शुभ मुहूर्त क्या होगा।

होलिका दहन तिथि- 28 मार्च, रविवार

होलाष्टक में रुक जाते हैं शुभ कार्य
होली से आठ दिन पहले होलाष्टक लग जाता है। इस दौरान शादी विवाह जैसे मांगलिक कार्य नहीं किये जाते हैं। इस साल होलाष्टक 21 मार्च से आरंभ होगा और 28 मार्च को होलिका दहन पर इसका समापन होगा।

होलिका दहन कैसे किया जाता है?
होलिका दहन के काफी समय पहले से ही इसकी तैयारी शुरू हो जाती है। इसके लिए एक जगह पर सूखा पेड़ रख दिया जाता है। इस पर लकड़ियां, घास-फुस, पुआल और गोबर के उपले रखे जाते हैं। फिर होलिका दहन वाले दिन इसका दहन किया जाता है। इस दिन घर का कोई भी बड़ा सदस्य इसे अग्नि देता है। होलिका दहन को छोटी होली भी कहा जाता है।
