लोकसभा चुनाव 2024 के रुझान और नतीजे आने लगे हैं. बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए ने शुरुआत से ही तेज रेस लगा दी है. इंडिया गठबंधन शुरुआती रुझानों में पिछड़ता हुआ नजर आ रहा है. कश्मीर से कन्याकुमारी तक का हर अपडेट हम इस कॉपी में आपको दे रहे हैं, जानिए हर सीट का अपडेट...
नई दिल्ली: लोकसभा चुनाव के परिणाम बीजेपी के लिए चौंकानेवाले हैं. वहीं, इससे इंडिया गठबंधन के नेताओं के चेहरों पर खुशी नजर आ रही है. भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 296 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' 227 सीटों पर आगे है. इसके साथ ही यह संकेत भी मिल रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनकर देश की बागडोर संभाल सकते हैं और उनका सामना एक मजबूत विपक्ष से हो सकता है. अब तक के रुझानों के मुताबिक, भाजपा 542 सीटों में से 236 पर आगे है, जबकि कांग्रेस ने 97 पर बढ़त बना रखी है. इन रुझानों के अनुसार भाजपा को काफी नुकसान होता दिख रहा है. साल 2019 के लोकसभा चुनाव में केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी ने अपने दम पर 303 सीटों पर जीत दर्ज की थी. कांग्रेस इस चुनाव में 52 सीटों पर सिमट गई थी. उसे इस चुनाव में खासी बढ़त मिलने के संकेत मिल रहे हैं. अगर नतीजे कमोबेश रुझानों के अनुरूप रहते हैं, तो लोकसभा में राजग पहले के मुकाबले कमजोर स्थिति में रहेगा, जबकि विपक्ष अब मजबूत भूमिका में दिख सकता है.
