आपरेशन मानसून : 53 दिन में अब तक फोर्स को 35 नक्सलियों को मार गिराने में सफलता मिली.....
::/introtext::::fulltext::
नक्सली हर साल गर्मी के मौसम में मई-जून के महीने में टीसीओसी चलाते हैं।
जगदलपुर। नक्सलियों के टीसीओसी (टेक्टिकल काउंटर अफेंसिव कैम्पेन) के जवाब में पहली बार फोर्स ने 15 जून को आपरेशन मानसून लॉन्च किया है। इसके तहत बारिश के सीजन में नक्सलियों की मांद में घुसकर उन्हें ललकारा जा रहा है।इस आपरेशन के 53 दिन में अब तक फोर्स को 35 नक्सलियों को मार गिराने में सफलता मिली है। नक्सली हर साल गर्मी के मौसम में मई-जून के महीने में टीसीओसी चलाते हैं। इसके तहत अपने कैडर को मजबूत करने वे नए रंगरूटों की भर्ती करते हैं। वहीं प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से इस कैडर को हथियार चलाने से लेकर तमाम जानकारियां दी जाती हैं। पहली बार नक्सल मोर्चे पर बुलंद हौसलों के साथ पुलिस ने टीसीओसी की काट के तौर पर आपरेशन मानसून लॉन्च किया।
15 जून से अब तक 53 दिन में पुलिस के हिस्से बड़ी सफलताएं हाथ लगी हैं। इस दौरान फोर्स ने 35 नक्सलियों को ढेर किया है। इनमें कई हार्डकोर व बड़े रकम के इनामी थे। सोमवार को सुकमा जिले के गोलापल्ली क्षेत्र में 15 नक्सलियों को मार गिराने से पहले दंतेवाड़ा पुलिस को 19 जुलाई को बड़ी कामयाबी मिली थी, जब बैलाडीला की तराई पर बीजापुर जिले के तिमेपुर के जंगल में डीआरजी व एसटीएफ के हाथों आठ नक्सली को मार गिराया था।
इसके उलट फोर्स को कम ही नुकसान हुआ है। कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा क्षेत्र में नौ जुलाई को हुई मुठभेड़ में बीएसएफ के दो जवान शहीद हुए थे। वहीं अन्य मुठभेड़ों में इक्कादुक्का बार ही जवान घायल हुए हैं। यह स्थिति पुलिस व सीआरपीएफ के आला अधिकारियों की रणनीति के चलते बनी है। एडीजी नक्सल आपरेशन से लेकर एसपी-कमांडेंट स्तर के अधिकारी सीधे इन ऑपरेशनों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
समर्पण भी कर रहे नक्सली
फोर्स का दबाव बढ़ने से नक्सली समर्पण कर मुख्यधारा में भी लौट रहे हैं। 26 जून को कोंडागांव जिले के बयानार क्षेत्र में सक्रिय तीन लाख की इनामी महिला नक्सली ने समर्पण किया था। इससे पूर्व 18 जून को बस्तर जिले के दरभा क्षेत्र में सक्रिय आठ मिलिशिया सदस्यों ने सीआरपीएफ के 80वीं बटालियन के कैम्प में पहुंचकर समर्पण किया था।
छह जुलाई को सुकमा में आठ लाख की इनामी महिला नक्सली एंकी समेत सात माओवादियों ने समर्पण किया था। वहीं 28 जुलाई को कोंडागांव जिले के मर्दापाल थाना में कुदूर जनताना सरकार अध्यक्ष व बयानार एरिया कमेटी सदस्य तीन लाख के इनामी नक्सली बालकू ने एसपी के समक्ष हथियार डाले थे।
::/fulltext::
